मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पहुंचीं ग्रामीणों के बीच, घर-घर जाकर सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

सूरजपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कमलपुर, पहाड़गांव और पण्डोनगर का दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया। डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने घर-घर पहुंचकर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

जनता से सीधा संवाद, योजनाओं की दी जानकारी

जनसंपर्क अभियान के दौरान मंत्री राजवाड़े ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

सड़क, पानी और आवास जैसी समस्याएं उठाईं ग्रामीणों ने

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, आवास और अन्य स्थानीय समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और प्रत्येक शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

अधिकारियों को दिए जनसरोकारों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

मंत्री राजवाड़े ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र की समस्याओं पर लगातार निगरानी रखें और आम लोगों को शीघ्र राहत पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

ग्रामीणों ने जताया भरोसा

जनसंपर्क कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों पर विश्वास व्यक्त करते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया।

यह जनसंपर्क अभियान सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

About The Author