कांकेर में भालू का खूनी हमला, भाई-बहन की मौत; 3 ग्रामीण गंभीर घायल
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में जंगली भालू के हमले से दहशत फैल गई। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव में बुधवार दोपहर हुए हमले में भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद भालू काफी देर तक शवों के आसपास मंडराता रहा, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान हलाल जुर्री (45) और उनकी बहन खोरीन बाई (40) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भालू ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। हमले में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में निगरानी शुरू कर दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने, अकेले बाहर न निकलने और जंगली भालू से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
वन विभाग ने बताया कि भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके। गांव में सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
