CM Mohan Yadav ने पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी को जयंती पर किया नमन, कहा- सादगी और जनसेवा की मिसाल थे ‘मध्यप्रदेश के संत’

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी की जयंती पर विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. जोशी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी, शुचिता, जनसेवा और नैतिक मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण था।

‘कुशल संगठनकर्ता और जनसेवा के लिए समर्पित थे कैलाश जोशी’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्व. कैलाश जोशी एक कुशल संगठनकर्ता, संवेदनशील जननेता और समाजसेवी थे। उन्होंने वर्ष 1962 में बागली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और बाद में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और जनकल्याण के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा तथा राज्य सरकार उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ रही है।

विधानसभा अध्यक्ष की पहल की सराहना

मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की उस पहल की भी सराहना की, जिसके तहत प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्षों की जयंती और पुण्यतिथि पर विधानसभा में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह परंपरा नई पीढ़ी को प्रदेश के महान नेताओं के योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और स्व. कैलाश जोशी के परिजन उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर
  • पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल
  • पूर्व मंत्री एवं स्व. कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी
  • जोशी परिवार के अन्य सदस्य

शामिल रहे।

About The Author