राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निभाई ‘छेरा-पहरा’ की परंपरा
रायपुर।
रथ यात्रा पर्व के पावन अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका आज राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भव्य महाप्रभु जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने निभाई ‘छेरा-पहरा’ की परंपरा

रथ यात्रा के दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान जगन्नाथ के रथ के समक्ष पारंपरिक ‘छेरा-पहरा’ (स्वर्ण झाड़ू से रथ की सफाई) की रस्म निभाई। यह परंपरा भगवान के समक्ष समानता, सेवा और विनम्रता का प्रतीक मानी जाती है।
प्रथम महिला ने की विधि-विधान से पूजा
इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी ने भी भगवान जगन्नाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

रथ यात्रा महोत्सव में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
