कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता रजत पदक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले- छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया देश का गौरव
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने अपनी शानदार उपलब्धि से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में हासिल की गई यह सफलता केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी।
बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा के साथ यदि अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत जुड़ जाए तो वैश्विक मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी आने वाले वर्षों में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाती रहेंगी।
खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग दे रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और आवश्यक प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा खेल वातावरण तैयार करना है, जहां प्रदेश की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का पूरा अवसर मिले और वे देश का नाम विश्व स्तर पर रोशन करें।
