शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दी आधुनिक शिक्षा की सौगात, बघेरा स्कूल में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण

दुर्ग। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर दुर्ग के बघेरा हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास और प्रिंट रिच वातावरण का लोकार्पण कर विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षण सुविधाओं की सौगात दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री यादव ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और व्यवहारिक ज्ञान के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास का आधार बन रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को डिजिटल कंटेंट, वीडियो, चित्र और इंटरैक्टिव शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलेगा, जिससे पढ़ाई अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बनेगी।
उन्होंने विद्यालय में विकसित किए गए प्रिंट रिच वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यह बच्चों में पढ़ने-लिखने की आदत और सीखने की जिज्ञासा को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। शैक्षणिक चार्ट, प्रेरणादायी संदेश, भाषा एवं गणित आधारित सामग्री और ज्ञानवर्धक प्रदर्शनों से विद्यार्थियों की भाषा दक्षता, रचनात्मक सोच और सीखने की क्षमता में सकारात्मक सुधार होगा।
प्रवेश उत्सव के दौरान मंत्री यादव दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी पहुंचे। सरदार वल्लभभाई पटेल प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। साथ ही बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें और गणवेश भी वितरित किए गए।
मंत्री यादव विद्यार्थियों के साथ प्रार्थना सभा में शामिल हुए और राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, सरस्वती वंदना तथा गुरुमंत्र का सामूहिक उच्चारण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासित जीवन, अच्छे संस्कार और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संस्कारित और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले नागरिक तैयार करना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में श्याम शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा, पार्षद ललित ढीमर, प्राचार्य नितिन, प्राचार्य बंछोर, शाला विकास समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

About The Author