क्या आपने खरीदी चांदी? आज रिकॉर्ड तोड़ महंगा हुआ मेटल, जानें आपके शहर की लेटेस्ट रेट लिस्ट
नई दिल्ली। सोमवार 9 फरवरी को भारतीय सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तोड़ तेजी दर्ज की गई है। बीते सप्ताह देखी गई गिरावट के बाद चांदी के दाम एक ही दिन में करीब 11,000 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। वर्तमान में बाजार में एक किलो चांदी का भाव 2,61,600 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है, हालांकि सोने की तुलना में चांदी में उछाल कहीं अधिक है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी चांदी की चाल तेज बनी हुई है। यहां चांदी 11,915 रुपये की बढ़त के साथ 2,61,807 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है। आज के कारोबार के दौरान चांदी ने 2,58,000 रुपये का निचला स्तर और 2,64,885 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ है।
देश के प्रमुख शहरों में चांदी के भाव
विभिन्न शहरों में चांदी की कीमतों में अंतर देखा जा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पटना में आज चांदी सबसे सस्ती मिल रही है, जहां एक किलो का भाव 2,61,740 रुपये है। वहीं भोपाल और इंदौर में चांदी सबसे महंगी बिक रही है, यहां भाव 2,62,490 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। रायपुर में एक किलो चांदी की कीमत 2,62,111 रुपये और जयपुर में 2,61,840 रुपये दर्ज की गई है। उत्तर भारत के प्रमुख शहरों जैसे कानपुर और लखनऊ में चांदी का भाव 2,62,280 रुपये चल रहा है।
निवेशकों को सलाह
बाजार में चांदी की बढ़ती कीमतों और उतार-चढ़ाव को देखते हुए कमोडिटी विशेषज्ञों ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। एक्सपर्ट अजय केडिया के अनुसार, चांदी में निवेश के इच्छुक लोगों के लिए सिल्वर ईटीएफ एक बेहतर विकल्प हो सकता है। बाजार की मौजूदा स्थिति को देखते हुए एकमुश्त निवेश के बजाय एसआईपी के माध्यम से धीरे-धीरे निवेश करना अधिक लाभदायक और सुरक्षित माना जा रहा है।
