धमतरी में रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, अवैध रेत परिवहन करते 8 ट्रैक्टर जब्त
धमतरी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और रेत के अवैध परिवहन पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर के सख्त निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 8 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
शिकायत मिलते ही प्रशासन ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लगातार कोलियारी-धमतरी मार्ग पर अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने मार्ग पर घेराबंदी कर रेत से भरे ट्रैक्टरों की जांच की और चालकों से रॉयल्टी पर्ची एवं वैध खनिज परिवहन अनुमति मांगी। लेकिन चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेज नहीं मिलने पर 8 ट्रैक्टर जब्त
वैध दस्तावेजों के अभाव में अधिकारियों ने मौके पर ही 8 ट्रैक्टर जब्त कर लिए। सभी वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है और उनके खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रेत माफियाओं को प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने वाहन संचालकों और खनिज कारोबारियों से अपील की है कि वे केवल वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही खनिजों का परिवहन करें।
