धमतरी: 5 लाख की इनामी महिला नक्सली भूमिका ने किया आत्मसमर्पण

धमतरी। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से सक्रिय 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली भूमिका उर्फ गीता उर्फ लता उर्फ सोमारी ने पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। वह नगरी एरिया कमेटी की सदस्य तथा गोबरा एलओएस कमांडर थी और छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्रों में संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जाती थी।

आत्मसमर्पण के बाद शासन की पुनर्वास नीति के अनुसार भूमिका को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई तथा पुनर्वास के लाभ दिए जाएंगे।

मूल रूप से बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुसनार की रहने वाली 37 वर्षीय भूमिका वर्ष 2005 से माओवादी संगठन में सक्रिय थी। संगठन के भीतर भेदभाव, हिंसा आधारित विचारधारा तथा पारिवारिक जीवन से वंचित रहने से क्षुब्ध होकर उसने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद वह 2010 तक प्लाटून-01 में रही। इसके बाद ओडिशा राज्य कमेटी में विभिन्न इकाइयों में कार्य करते हुए 2011 से 2019 तक सीसीएम संग्राम की सुरक्षा में तैनात रही। 2019 से 2023 तक सीनापाली एरिया कमेटी सदस्य तथा सितंबर 2023 से गोबरा एलओएस कमांडर के रूप में जिम्मेदारी निभाई। हाल के समय में वह नगरी एवं सीतानदी एरिया कमेटी के साथ संयुक्त रूप से सक्रिय थी।

भूमिका कई गंभीर मुठभेड़ों में शामिल रही, जिनमें 2010 में ओडिशा के पड़कीपाली क्षेत्र की घटना (आठ नक्सली मारे गए), 2018 में बीजापुर के तिमेनार जंगल, 2023 में गरियाबंद के ताराझार जंगल, 2024 में धमतरी के एकावरी जंगल तथा 2025 में मांदागिरी जंगल की मुठभेड़ें शामिल हैं। उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

About The Author