छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप बढ़ा, सरगुजा सबसे ठंडा; तापमान में और गिरावट की आशंका
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से ठंड में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सरगुजा संभाग में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है, वहीं अंबिकापुर में रात का तापमान गिरकर 6.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जशपुर और पेंड्रा में लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। राजधानी रायपुर में भी तापमान में लगभग 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले 24 घंटों में रायपुर का न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में पूरे राज्य में तापमान में 1 से 3 डिग्री और गिरावट की संभावना है। बीते 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 30.2 डिग्री और सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायगढ़ में भी सर्दी का असर तेज हो गया है। 5 दिसंबर को यहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसमान में बादल छाए रहने से दिन में भी हल्की ठंड महसूस की जा रही है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट से सुबह के समय कड़ी ठंड हो रही है, जबकि दोपहर की धूप से थोड़ी राहत मिलती है। शाम होते ही लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
रायपुर में बढ़ती शीतलहर को देखते हुए नगर निगम ने राहत उपाय शुरू कर दिए हैं। बेघर और जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए शहर के 12 से अधिक स्थानों पर रातभर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।
