मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से 1.98 लाख विद्यार्थियों को बड़ी सौगात — 84.66 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति राशि ऑनलाइन अंतरण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ के लाखों विद्यार्थियों को अब छात्रवृत्ति और शिष्यवृत्ति राशि सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन प्राप्त हो रही है। मुख्यमंत्री साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में आज 1.98 लाख विद्यार्थियों के खातों में 84.66 करोड़ रुपए की राशि ऑनलाइन अंतरित कर दी। यह लाभ अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को दिया गया है, जो राज्य के शैक्षणिक संस्थानों, आश्रम-छात्रावासों और तकनीकी एवं प्रोफेशनल कोर्स में अध्ययनरत हैं।
मुख्यमंत्री साय की पहल से बढ़ी पारदर्शिता और जवाबदेही...

प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अब विद्यार्थियों को जून, सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर माह में नियमित रूप से छात्रवृत्ति भुगतान किया जाएगा। पहले यह राशि केवल वर्ष में एक बार दिसंबर या फरवरी-मार्च में दी जाती थी। इस बदलाव से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान आर्थिक परेशानियों से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में यह सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इस पहल के तहत आज 1 लाख 86 हजार 50 विद्यार्थियों को शिष्यवृत्ति की द्वितीय किश्त 79.27 करोड़ रुपए और 12 हजार 142 विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की 5.38 करोड़ रुपए की राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई। बताया गया कि मुख्यमंत्री साय के हाथों पहली बार 10 जून 2025 को इस ऑनलाइन भुगतान प्रणाली की शुरुआत की गई थी। तब 85 करोड़ रुपए की राशि विद्यार्थियों को दी गई थी। वहीं, 17 जून 2025 को दूसरे चरण में 8370 विद्यार्थियों को 6.2 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति राशि अंतरण की गई थी।
पहली बार साल में चार बार ऑनलाइन भुगतान...

इस अवसर पर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, तथा मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह एवं विभागीय आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।