विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका अहम : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे अनगिनत ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष, त्याग और बलिदान है। स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। यह केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का सामूहिक संकल्प है। इसे साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं को अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य के साथ आगे आना होगा।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी ‘विकसित भारत’ के निर्माण के लिए ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है।

सरकार का प्रयास है कि विकास की रोशनी प्रदेश के प्रत्येक गांव, परिवार और व्यक्ति तक पहुंचे। छत्तीसगढ़ अपनी क्षमताओं और संभावनाओं के अनुरूप देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने युवाओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

हरेली और स्वतंत्रता दिवस की दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री श्री साय ने समारोह में शामिल कलाकारों और युवाओं को हरेली पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई दी।

उन्होंने कहा कि आजादी का उत्सव हमें अपने गौरवशाली अतीत को याद करने के साथ-साथ उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

कलाकारों और युवाओं की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री अंजय शुक्ला, स्काउट-गाइड के चेयरमैन श्री इंद्रजीत सिंह खालसा सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, कलाकार और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

About The Author