“जय भीम पदयात्रा” में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधायक अनुज शर्मा ने दी बाबासाहेब को श्रद्धांजलि…

रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) से अंबेडकर चौक तक “जय भीम पदयात्रा” का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने युवाओं के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह पदयात्रा संविधान निर्माता, महान विचारक और समाज सुधारक डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की पावन स्मृति को समर्पित थी।

अंबेडकर चौक पहुंचकर मुख्यमंत्री श्री साय और विधायक श्री शर्मा ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही, प्रिएंबल वॉल पर हस्ताक्षर कर उन्होंने भारतीय संविधान की मूल भावना के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता प्रकट की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर ने संविधान रूपी पवित्र ग्रंथ के माध्यम से समस्त भारतवासियों को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के साथ जीने का अधिकार प्रदान किया। यह संविधान भारत की संस्कृति, परंपरा और इतिहास का प्रतिबिंब है।

पदयात्रा में बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों की उत्साहजनक भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि देश की जनता संविधान और बाबासाहेब के विचारों के प्रति गहरी आस्था रखती है। डॉ. अंबेडकर की समृद्ध विरासत को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का कार्य हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा किया जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

About The Author