CM Vishnu Deo Sai: मुंगेली के मदकू में 68.96 करोड़ के 21 विकास कार्यों की सौगात
मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इन विकास कार्यों के साथ मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

मुख्यमंत्री साय ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर’ में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने जनसेवा और जनभागीदारी के माध्यम से जरूरतमंदों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास की गति तेज हो और जनसेवा की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो। गांवों में अच्छी सड़कें, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, माताओं और बच्चों के लिए पर्याप्त पोषण तथा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं का सहज लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ जनभागीदारी का माध्यम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का माध्यम है। इसके जरिए स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान और नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर जैसे आयोजन समाज के प्रति जिम्मेदारी और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
सुशासन का मतलब आसान और पारदर्शी व्यवस्था
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है कि नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना न पड़े, उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो और शासन की योजनाओं का लाभ उन्हें आसानी से मिले।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों जैसी पहलों के माध्यम से शासन को नागरिकों के और करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के सेवा और गरीब कल्याण के विजन को आगे बढ़ाने की बात
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन के केंद्र में रखा है। उनके नेतृत्व में देश में विकास के साथ जनकल्याण को भी प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी राज्य सरकार इसी भावना के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
