धरसींवा को मिली निःशुल्क अत्याधुनिक एम्बुलेंस की सौगात, CM विष्णुदेव साय ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लिए निःशुल्क अत्याधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में एम्बुलेंस के चालक को चाबी सौंपी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक तक समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित चिकित्सा सहायता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धरसींवा की जनता को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी मरीज के उपचार में शुरुआती समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। समय पर अस्पताल पहुंचने से कई गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों, बुजुर्गों, सड़क दुर्घटना में घायल लोगों और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। इससे क्षेत्रवासियों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसा भी मजबूत होगा।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। अस्पतालों का उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, दवाइयों की आसान उपलब्धता और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि “स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध राज्य की सबसे मजबूत नींव हैं, इसलिए जनस्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

DMF से मिली 19.65 लाख रुपये की एम्बुलेंस

धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से आधुनिक एम्बुलेंस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से लगभग 19.65 लाख रुपये की लागत से यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा को सौंपा गया है, जहां से इसका 24 घंटे संचालन किया जाएगा। यह सेवा गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पतालों तक सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने में भी बेहद उपयोगी साबित होगी।

हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से हजारों लोगों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा समय पर मिल सकेगी और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

About The Author