तकनीक बनी जयमंती की आंखें, CM साय ने लैपटॉप देकर शिक्षा के सपने को दी नई उड़ान

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के जनदर्शन में अपनी पढ़ाई से जुड़ी जरूरत बताने वाली छात्रा जयमंती के लिए मदद सिर्फ एक घोषणा तक सीमित नहीं रही, बल्कि उसे शिक्षा की नई राह दिखाने वाला साधन बन गई। मुख्यमंत्री ने स्वयं जयमंती को लैपटॉप प्रदान कर उसके शिक्षा के सपने को आगे बढ़ाने का मजबूत आधार दिया।

तकनीक बनेगी जयमंती की आंखें, पढ़ाई होगी आसान

जयमंती की जरूरत को ध्यान में रखते हुए समाज कल्याण विभाग ने लैपटॉप में विशेष सहायक सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया है। इस तकनीक की मदद से स्क्रीन पर मौजूद सामग्री को आवाज के माध्यम से सुना और समझा जा सकेगा।

अब जयमंती डिजिटल किताबों, नोट्स और अन्य शैक्षणिक सामग्री का उपयोग पहले की तुलना में कहीं अधिक आसानी से कर सकेंगी। तकनीकी सुविधा उन्हें उच्च शिक्षा की तैयारी में मदद करने के साथ डिजिटल माध्यम से स्वतंत्र रूप से अध्ययन करने का अवसर भी देगी।

शिक्षक बनने के सपने को मिली नई ताकत

मुख्यमंत्री से मिले प्रोत्साहन और तकनीक के इस सहयोग ने जयमंती के शिक्षक बनने के सपने को नई ऊर्जा दी है। लैपटॉप उनके लिए केवल एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं, बल्कि ज्ञान तक पहुंचने और अपने सपनों को साकार करने का माध्यम बन गया है।

जयमंती की कहानी यह संदेश देती है कि यदि अवसर, संसाधन और सही प्रोत्साहन मिले तो शारीरिक चुनौतियां प्रतिभा और सपनों की उड़ान को नहीं रोक सकतीं। मुख्यमंत्री जनदर्शन में सामने आई उनकी आवश्यकता का समाधान अब उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बन गया है।

About The Author