श्रावण माह में महाकाल की भक्ति में लीन हुए CM मोहन यादव, शयन आरती में बजाई झांझ

उज्जैन। श्रावण के पवित्र माह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने मंदिर के गर्भगृह में भगवान श्रीमहाकालेश्वर और श्री नंदी जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे भगवान महाकाल की शयन आरती में भी शामिल हुए और भक्ति भाव में झांझ बजाकर आरती में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से भी संवाद किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से दर्शन व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली और व्यवस्थाओं को लेकर उनके अनुभव जाने।

मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री का किया सम्मान

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह तथा समिति के प्रशासक  प्रथम कौशिक ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भगवान श्रीमहाकालेश्वर का अंगवस्त्रम ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।

अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

पूजा-अर्चना के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  रवि सोलंकी, उपाध्यक्ष श्री मुकेश यादव,  संजय अग्रवाल, संभागायुक्त  आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त  अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत के सीईओ  श्रेयांस कूमट सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author