ई-ऑफिस और समयबद्धता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, मुख्य सचिव ने दिए प्रशंसा पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन में ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने और कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया। मई माह के दौरान ई-ऑफिस के माध्यम से नस्तियों के त्वरित निराकरण और समय पर कार्यालय उपस्थिति दर्ज कराने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि शासन के कार्यों में गति और पारदर्शिता लाने के लिए ई-ऑफिस व्यवस्था अत्यंत प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से ई-ऑफिस के अधिकतम उपयोग तथा निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य संस्कृति को मजबूत बनाने की अपील की।

ई-ऑफिस प्रदर्शन में गृह विभाग अव्वल

विभागीय स्तर पर ई-ऑफिस के उत्कृष्ट संचालन के लिए गृह विभाग को प्रथम, समाज कल्याण विभाग को द्वितीय तथा सामान्य प्रशासन विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशंसा पत्र प्राप्त किए।

श्रेष्ठ सचिवों को भी मिला सम्मान

ई-ऑफिस में फाइल निष्पादन के आधार पर सामान्य प्रशासन एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार को प्रथम स्थान, विधि एवं विधायी कार्य विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत को द्वितीय तथा गृह एवं श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता को तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया।

विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन

संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, वरिष्ठ सचिवालय सहायक, कनिष्ठ सचिवालय सहायक एवं तकनीकी कर्मचारियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। ई-ऑफिस संचालन और समयबद्ध कार्य निष्पादन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

समय की पाबंदी पर भी मिला सम्मान

कार्यालयीन समय का पालन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, अनुभाग अधिकारी, सचिवालय सहायक, स्टेनोटाइपिस्ट, लेखा अधिकारी और भृत्य शामिल रहे।

मुख्य सचिव ने कहा कि सुशासन की दिशा में तकनीक आधारित कार्यप्रणाली और अनुशासित कार्य संस्कृति दोनों ही समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सम्मानित सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

About The Author