सरगुजा संभाग में अनफिट पुलिस कर्मियों को फिट करने की मुहिम शुरू, 300 से अधिक जवान ट्रेनिंग में शामिल


:
सरगुजा। पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य में सुधार के उद्देश्य से सरगुजा संभाग में अनफिट पुलिस कर्मचारियों को फिट करने की मुहिम शुरू की गई है। कई वर्षों से सेवा दे रहे ऐसे पुलिस कर्मी, जिनकी तोंद निकल आई है या जिन्हें किसी प्रकार के व्यसन की लत के कारण शारीरिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है, अब इस अभियान के तहत प्रशिक्षण ले रहे हैं।

सुबह 4 बजे मैदान में पसीना बहाते हुए दिखाई देने वाले ये कोई नए आरक्षक नहीं, बल्कि आरक्षक, प्रधान आरक्षक से लेकर टीआई स्तर तक के पुलिसकर्मी हैं। ये सभी सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों में पदस्थ हैं और अब दोबारा फिटनेस पाने के लिए मेहनत कर रहे हैं।

आईजी सरगुजा दीपक झा ने संभाग के पुलिस कर्मियों का एक विस्तृत डेटा तैयार करवाया, जिसमें शारीरिक रूप से कमजोर, अनफिट और व्यसन की समस्या से जूझ रहे पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। इस सर्वे में 300 से अधिक पुलिस जवान अनफिट पाए गए। इसके बाद इन्हें 50-50 के बैच में सीआरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आईजी ने बताया कि यह कोई दंड नहीं, बल्कि पुलिस कर्मियों को स्वस्थ और अनुशासित जीवन का महत्व सिखाने का प्रयास है, जिससे वे बेहतर पुलिसिंग कर सकें और अपने परिवार का जीवन भी बेहतर बना सकें।

ट्रेनिंग के दौरान पुलिस कर्मियों को शारीरिक व्यायाम, योग, मेडिटेशन के साथ सख्त खानपान नियमों का पालन कराया जाता है। सप्ताह में एक दिन अवकाश भी दिया जाता है। प्रशिक्षण ले रहे पुलिस कर्मियों का कहना है कि इससे उनकी पुरानी शारीरिक समस्याओं में सुधार आया है। कई जवानों ने 4 से 5 किलो तक वजन घटने और खुद को पहले से अधिक ऊर्जावान तथा 4 से 5 साल युवा महसूस करने की बात कही है।

About The Author