नियमों का पालन और सादगी: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने टिकट खरीदकर किया मयाली नेचर कैंप में प्रवेश
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर प्रवास के दौरान एक अलग और सादगीपूर्ण अंदाज में नजर आए। उन्होंने जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में आम नागरिक की तरह 10 रुपये का प्रवेश शुल्क अदा कर टिकट कटाया। मुख्यमंत्री के इस कदम ने आम जनता के बीच नियमों के पालन और समानता का एक प्रभावी संदेश दिया है।
प्रवेश शुल्क अदा करने के बाद मुख्यमंत्री ने मयाली नेचर कैंप में साहसिक खेल गतिविधियों का आनंद लिया और चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स की औपचारिक शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने स्वयं स्पोर्ट्स मोटर बाइक (एटीवी) चलाकर साहसिक पर्यटन को बढ़ावा दिया। इसके अलावा उन्होंने बंदूक से बैलून शूटिंग और तीरंदाजी में निशाना साधकर इन खेलों का भी शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने माउंटेन साइक्लिंग कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया और वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नेचर कैंप में विकसित की गई सुविधाओं और स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति आधारित पर्यटन और साहसिक गतिविधियों से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, विधायक गोमती साय, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से जशपुर के पर्यटन मानचित्र पर मयाली नेचर कैंप को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
