गांधी जयंती पर CM विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, सत्य-अहिंसा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को किया याद

नई दिल्ली। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश के प्रति उनके योगदान और आदर्शों को स्मरण किया।

महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग को किया याद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की भावना निहित थी।

उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य के मार्ग पर अडिग रहने और समाज व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन को किया स्मरण

मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि शास्त्री जी द्वारा दिया गया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों तथा किसानों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है।

जनकल्याण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं दोनों महापुरुष

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके विचार हमें जनकल्याण, सुशासन, सेवा और राष्ट्रहित के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

About The Author