जशपुर में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान हादसा, दो श्रमिकों की मौत; CM साय ने 15-15 लाख सहायता का किया ऐलान
जशपुर। जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हादसे में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री साय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को हादसे के कारणों और इसमें जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कनिष्ठ अभियंता निलंबित
हादसे में प्रथम दृष्टया सामने आई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्थलगांव विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक को निलंबित कर दिया गया है।
श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विद्युत संबंधी कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का हर हाल में पालन किया जाना चाहिए। श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल श्रमिकों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा है कि घायलों के इलाज में किसी भी तरह की कमी न हो और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।
घटना के बाद प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
