रायपुर में आज राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा, गांधी-शास्त्री के विचारों को किया जाएगा याद

रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा 2 अक्टूबर को राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में होगा।

सर्वधर्म प्रार्थना सभा के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों एवं विचारों का स्मरण किया जाएगा। कार्यक्रम में शांति, प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। साथ ही विभिन्न धर्मों के प्रति सम्मान और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव होंगे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेन्द्र यादव होंगे। वहीं राज्यसभा सांसद एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने नागरिकों से कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से सर्वधर्म समभाव, शांति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को और मजबूत किया जा सकता है।

गांधी और शास्त्री के आदर्शों से मिलेगी प्रेरणा

गौरतलब है कि 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जाती है। दोनों महान विभूतियों के जीवन से सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है।

इन्हीं मूल्यों और विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के जरिए सामाजिक सद्भाव, आपसी सम्मान और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

About The Author