CM मोहन यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से की मुलाकात, जल जीवन मिशन में तेजी पर चर्चा

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटील से मुलाकात की। इस दौरान मध्यप्रदेश में जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं को गति देने और लंबित विषयों के शीघ्र निराकरण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य को गति देने के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने जल जीवन मिशन से जुड़े लंबित विषयों के जल्द समाधान की आवश्यकता भी बताई।

जल जीवन मिशन के लिए केंद्रांश जारी करने का अनुरोध

बैठक में मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के लिए केंद्रांश जारी करने का विषय प्रमुखता से रखा। उन्होंने 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली योजनाओं के लिए केंद्रांश की राशि की प्रतिपूर्ति हेतु पोर्टल पर आवश्यक विकल्प शुरू करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन 2.0 के तहत मध्यप्रदेश के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष में आवंटित राशि में वृद्धि किए जाने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि अतिरिक्त राशि से प्रदेश में पेयजल योजनाओं के कार्यों को अपेक्षित गति से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

‘सुजलाम भारत’ ऐप की तकनीकी कमियों का मुद्दा

बैठक में ‘सुजलाम भारत’ ऐप में जियो-टैगिंग से संबंधित तकनीकी कमियों का विषय भी उठाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तकनीकी व्यवस्था को सुचारु बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जियो-टैगिंग से जुड़ी तकनीकी व्यवस्था बेहतर होने से जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की निगरानी और उनकी प्रगति का प्रभावी आकलन किया जा सकेगा।

ग्रामीण परिवारों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री से मध्यप्रदेश के हित में इन विषयों पर आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण परिवारों को नल के माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

बैठक में केंद्र और राज्य के समन्वय से पेयजल योजनाओं को गति देने तथा जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

About The Author