Asian Games 2026: जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में रचा इतिहास, भारत को दिलाया पहला कांस्य पदक

टोक्यो। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ी जय मीणा ने पुरुष सॉफ्ट टेनिस में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया है। वह एशियन गेम्स में सॉफ्ट टेनिस में भारत के लिए पहला पदक जीतने वाले खिलाड़ी बने हैं।

सेमीफाइनल में जय मीणा को जापान के ताकुया कुरोसाका के खिलाफ 2-4 से हार मिली, लेकिन सेमीफाइनल तक पहुंचने के साथ ही उनका कांस्य पदक पक्का हो गया था।

क्वार्टर फाइनल में शानदार वापसी

जय मीणा ने क्वार्टर फाइनल में शेरविन नुगुइट को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। निर्णायक गेम में वह 3-5 से पीछे चल रहे थे, लेकिन लगातार चार अंक हासिल कर उन्होंने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

क्रिकेटर बनना चाहते थे जय मीणा

जय मीणा की खेल यात्रा काफी दिलचस्प रही है। शुरुआत में वह क्रिकेटर बनना चाहते थे। देवास के पायनियर पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान उनकी मुलाकात सॉफ्ट टेनिस से हुई।

शुरुआत में वह कोर्ट पर खिलाड़ियों को देखते थे और बाद में बॉल बॉय के तौर पर उनकी मदद करने लगे। धीरे-धीरे उनकी रुचि इस खेल में बढ़ी और उन्होंने खुद सॉफ्ट टेनिस खेलना शुरू कर दिया।

नेशनल गेम्स में जीता था गोल्ड

साल 2022 के 36वें नेशनल गेम्स में जय मीणा ने पुरुष सिंगल्स में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने पुरुष टीम और डबल्स स्पर्धा में भी मध्यप्रदेश के लिए पदक जीते।

2025 में वह पुरुष सिंगल्स के नेशनल चैंपियन भी बने।

वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी जीत चुके हैं पदक

जय मीणा ने 2024 में आध्या तिवारी के साथ वर्ल्ड सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा 2025 एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में पुरुष सिंगल्स में भी उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया।

एशियन गेम्स 2026 का यह पदक भारतीय सॉफ्ट टेनिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

About The Author