रायपुर में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मामला दर्ज, अमित शाह समेत कई लोगों पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

रायपुर। सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों समेत कई लोगों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं भ्रामक पोस्ट शेयर किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Instagram अकाउंट्स पर पोस्ट शेयर करने का आरोप

शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर, तेलीबांधा ने पुलिस को बताया कि Instagram के cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।

शिकायत के मुताबिक, इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र एवं अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

अमित शाह और अधिकारियों के वीडियो भी शेयर करने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त सोशल मीडिया अकाउंट्स से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों के वीडियो भी शेयर किए गए और उनके संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने तथा गलत या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने का प्रयास किया जा रहा था।

पुलिस ने शुरू की सोशल मीडिया अकाउंट की जांच

सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर सोशल मीडिया अकाउंट्स की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब पोस्ट और वीडियो की सामग्री, संबंधित अकाउंट्स के संचालकों की पहचान और सोशल मीडिया पर इनके प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author