KBC की हॉट सीट पर भाटापारा के योगेश साहू, अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन साझा कर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा निवासी मेधावी युवा योगेश साहू ने देश के लोकप्रिय टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की हॉट सीट तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। योगेश की इस उपलब्धि से भाटापारा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है।

अमिताभ बच्चन के साथ साझा की स्क्रीन KBC की हॉट सीट तक पहुंचना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। योगेश साहू ने शो के मंच पर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन साझा की। इस दौरान उन्होंने अपने ज्ञान और प्रतिभा से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

योगेश की KBC तक की यह यात्रा खास इसलिए भी है क्योंकि इससे पहले भी वह अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। वर्ष 2019 में भाटापारा के योगेश साहू ने छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था।

पढ़ाई में भी हासिल कर चुके हैं बड़ी उपलब्धि योगेश साहू की प्रतिभा का सफर यहीं नहीं रुका। वर्ष 2021 में उन्होंने JEE Advanced में OBC श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक 241 हासिल की थी और उनका IIT बॉम्बे में दाखिला हुआ था। उनकी पारिवारिक परिस्थितियों को देखते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनकी पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की थी।

अब KBC जैसे देश के लोकप्रिय मंच पर पहुंचकर योगेश ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि को लेकर भाटापारा और छत्तीसगढ़ के लोग सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दे रहे हैं।

युवाओं के लिए प्रेरणा बने योगेश योगेश साहू की कहानी मेहनत, प्रतिभा और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय स्तर के टीवी क्विज शो की हॉट सीट तक पहुंचना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।

भाटापारा के इस युवा की KBC यात्रा ने एक बार फिर यह साबित किया है कि छोटे शहरों से निकलने वाली प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

About The Author