Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहनों के खातों में आएंगे ₹1,750, CM मोहन यादव 19 अगस्त को करेंगे बड़ा ट्रांसफर
मैहर। मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अगस्त को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 2,148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव मैहर जिले में 256 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी करेंगे।
हर लाड़ली बहना के खाते में आएंगे ₹1,750
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में प्रत्येक पात्र हितग्राही के खाते में ₹1,500 की नियमित सहायता राशि भेजी जाएगी। इसके साथ ही रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर ₹250 की अतिरिक्त सहायता भी दी जा रही है।
इस तरह प्रत्येक लाड़ली बहना के बैंक खाते में कुल ₹1,750 सीधे DBT के माध्यम से पहुंचेंगे।
39 किस्तों में अब तक ₹63,248 करोड़ से अधिक का भुगतान
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। अगस्त 2026 तक योजना की 39 किस्तों के माध्यम से पात्र महिलाओं के खातों में ₹63,248 करोड़ की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है।
राज्य सरकार ने योजना को जारी रखने के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹23,882.81 करोड़ का बजट प्रावधान किया है।
रक्षाबंधन पर बहनों को मिला विशेष तोहफा
रक्षाबंधन के अवसर पर नियमित मासिक सहायता के साथ अतिरिक्त ₹250 की राशि महिलाओं के लिए सरकार का विशेष शगुन है। इससे प्रदेश की करोड़ों पात्र बहनों को त्योहार के मौके पर आर्थिक संबल मिलेगा।
मैहर में होने वाला राज्य स्तरीय कार्यक्रम न केवल लाड़ली बहनों के खातों में बड़ी राशि के अंतरण का अवसर बनेगा, बल्कि जिले में 256 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देगा।
