मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित हुए पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारी
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के 80वें पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित गरिमामय राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारियों और जवानों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, असाधारण कार्यकुशलता और विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित पदकों एवं राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।

36 वर्षों की सेवा के लिए रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति पदक
समारोह का विशेष आकर्षण रक्षित केन्द्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत रहे। उन्हें 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा तथा आधारभूत प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए देश के सर्वोच्च ‘राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक-2026’ से अलंकृत किया गया।
10 पुलिसकर्मियों को भारतीय पुलिस पदक
सराहनीय सेवाओं, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आधुनिक नवाचारों में उल्लेखनीय योगदान के लिए कुल 10 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को ‘सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक-2026’ प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वालों में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक एटीएस नवा रायपुर श्रीमती राजश्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, सेनानी 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई श्रीमती निवेदिता पॉल, सेनानी 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे, पुलिस उपायुक्त रायपुर तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष आसूचना शाखा नवा रायपुर सुश्री उनैजा खातून अंसारी, सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई यूनिकॉर्न मरकाम तथा प्लाटून कमाण्डर 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद हजारी लाल साहू शामिल हैं।
बाढ़ बचाव और गोताखोरी में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों और जनसेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य तथा नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी एवं प्रशिक्षण कार्यों के लिए ‘गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026’ से सम्मानित किया गया।
पुलिस अधिकारियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार
कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरस्कार प्रदान किए गए।
जांजगीर-चांपा के सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद यादव को ‘गुरु घासीदास पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। उन्हें 50 हजार रुपये नकद पुरस्कार के साथ बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।
रायपुर की निरीक्षक श्रीमती अर्चना धुरंधर को कमजोर वर्गों एवं महिला-बाल संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘राज्यपाल पुरस्कार’ और ‘रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार’ प्रदान किए गए। दोनों पुरस्कारों के तहत 50-50 हजार रुपये नकद तथा रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड दी गई।
गरियाबंद की अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुश्री निशा सिन्हा को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए ‘मुख्यमंत्री पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। वहीं अजाक थाना बिलासपुर के निरीक्षक उत्तम साहू को उत्कृष्ट थाना संचालन के लिए ‘शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार’ और उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) बिलासपुर डी.आर. टंडन को ‘पुलिस महानिदेशक पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
अनुशासन और शौर्य से सजी भव्य परेड
समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री (कोरबा) विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी तथा विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने अनुशासित और आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर समारोह में देशभक्ति एवं गौरव का वातावरण बना दिया।
स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारी-जवानों का सम्मान कर्तव्य, अनुशासन और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण का गौरवपूर्ण सम्मान रहा।
