रिश्वतखोरी के आरोप में कटघोरा थाने के दो आरक्षक निलंबित, एसपी की सख्त कार्रवाई

कोरबा। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कोरबा पुलिस अधीक्षक ने कटघोरा थाने में पदस्थ दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों पर एक युवक को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर कथित रूप से अवैध वसूली करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद विभागीय कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, रजकम्मा निवासी 19 वर्षीय आर्यन ध्रुव ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर बताया कि 3 अगस्त को कसनिया बायपास के पास उसकी बाइक रोककर तलाशी ली गई। शिकायत के मुताबिक, बाइक की डिक्की में शराब मिलने के बाद ड्यूटी पर मौजूद आरक्षकों ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पहले एक लाख रुपये और बाद में 20 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता का कहना है कि मौके पर ही उससे 10 हजार रुपये ले लिए गए और शेष राशि मिलने तक उसकी मोटरसाइकिल अपने कब्जे में रखने की बात कही गई।

शिकायत मिलने के बाद कोरबा एसपी ने मामले की जांच कटघोरा एसडीओपी को सौंपी। जांच रिपोर्ट में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर आरक्षक प्रदीप राठौर और रामधन पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ता के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग मामला दर्ज होने के बावजूद, कानून का भय दिखाकर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या अधिकारों का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में आरोप सिद्ध होने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author