दिव्यांगजनों को मिली नई ताकत, CM विष्णुदेव साय बोले- आत्मनिर्भरता ही सरकार का लक्ष्य
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों के माध्यम से समय-समय पर विशेष कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि दिव्यांगजन दक्ष बनकर सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सकें और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वितरित किए जा रहे सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के लिए केवल सुविधाएं नहीं हैं, बल्कि स्वतंत्र जीवन, आत्मविश्वास और नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाले साधन हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नवाचारों से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
जिला प्रशासन के नवाचारों की सराहना
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास सुशासन को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, विधायक अनुज शर्मा, विधायक इंद्रकुमार साहू, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, प्रमुख सचिव समाज कल्याण शहला निगार, संभागायुक्त श्याम धावड़े, कलेक्टर गौरव सिंह, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे
