Cockroach Janata Party की सरकार को चेतावनी, FIR वापस नहीं हुईं तो फिर शुरू होगा छात्र आंदोलन

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन करने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party-CJP) ने एक बार फिर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रंका ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि सरकार ने आंदोलन समाप्त कराने के दौरान हुए समझौते का पालन नहीं किया।

रंका ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दिल्ली समेत अन्य राज्यों में आंदोलन से जुड़े छात्रों और स्वयंसेवकों पर नजर रखी जा रही है तथा उन्हें कथित तौर पर परेशान किया जा रहा है। उनका आरोप है कि दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को लॉजिस्टिक सहायता देने वाले वॉलंटियर्स को भी हिरासत में लिया जा रहा है।

सरकार पर समझौता तोड़ने का आरोप

आशुतोष रंका ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि सरकार के साथ स्पष्ट सहमति बनी थी कि आंदोलन में शामिल छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई पुलिस कार्रवाई नहीं होगी। लेकिन अब इस समझौते का उल्लंघन किया जा रहा है।

CJP की प्रमुख मांगें

कॉकरोच जनता पार्टी ने सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं, जिनमें शामिल हैं—

  • छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर तत्काल वापस ली जाएं।
  • गिरफ्तार छात्रों को तुरंत रिहा किया जाए।
  • भविष्य में आंदोलन से जुड़े छात्रों पर कोई नई एफआईआर दर्ज न की जाए।
  • दिल्ली पुलिस, केंद्रीय एजेंसियां और भाजपा शासित राज्यों की पुलिस भी इन शर्तों का पालन करे।
  • कानूनी मामलों के समाधान की समय-सीमा के साथ लिखित समझौते की प्रति उपलब्ध कराई जाए।

आंदोलन दोबारा शुरू करने की चेतावनी

रंका ने कहा कि यदि सरकार ने इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो संगठन दोबारा छात्र आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगा।

NEET पेपर लीक आंदोलन से जुड़ा मामला

यह पूरा विवाद नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए आंदोलन से जुड़ा है। जंतर-मंतर पर करीब 37 दिनों तक चले प्रदर्शन के बाद सरकार और आंदोलनकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई थी। बातचीत में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों पर दर्ज मामलों की वापसी, मुआवजा और अन्य मांगों पर चर्चा हुई थी। संगठन का दावा है कि कुछ मांगों पर कार्रवाई हुई, लेकिन शेष वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं

About The Author