संसद में अखिलेश यादव का सरकार पर हमला: ‘सरकार झुकती है, सिर्फ झुकाने वाला चाहिए’, शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
नई दिल्ली। लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्रों के देशव्यापी आंदोलन के दबाव में सरकार को झुकना पड़ा और पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इसी का परिणाम है। साथ ही उन्होंने पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों को लेकर सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
‘सरकार झुकती है, सिर्फ झुकाने वाला चाहिए’
जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा,
“सरकार झुकती है, सिर्फ झुकाने वाला चाहिए।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा,
“एक प्रधान जी को हटाकर आपने प्रधानमंत्री को बचा लिया।”
अखिलेश ने आंदोलन कर रहे छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी एकजुटता ने सरकार को अपने फैसलों पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर किया।
पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा,
“जो लोग चढ़ावा को चोरी होने से नहीं बचा पाए, वो पेपर लीक कैसे रोक पाएंगे?”
उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आउटसोर्स व्यवस्था को बढ़ावा देना चिंता का विषय है।
“डर लगता है कि कहीं पूरी सरकार को आउटसोर्स न कर दिया जाए।”
सरकारी स्कूल बंद करने का आरोप
अखिलेश यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर सरकारी शिक्षा व्यवस्था कमजोर करने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि—
- उत्तर प्रदेश में 26,386 प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए।
- इससे गरीब, दलित, पिछड़े और ग्रामीण परिवारों के बच्चों की शिक्षा पर नकारात्मक असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि सरकार को सरकारी स्कूलों को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए, न कि उन्हें बंद करने पर।
कानून नहीं, नीयत बदलने की जरूरत
अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि केवल नया कानून बनाने से पेपर लीक जैसी समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
उन्होंने कहा,
“अगर शिक्षा अच्छी होगी, परीक्षा सच्ची होगी तो तरक्की भी पक्की होगी।”
उन्होंने सरकार से छात्रों की सभी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने की अपील की।
