भोरमदेव मंदिर पहुंचे CM विष्णुदेव साय, बोले- कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा

कवर्धा। सावन माह की शुरुआत से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कबीरधाम जिले के विश्व प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर में परिवार सहित भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से जलाभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सावन के दौरान कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन श्रद्धालुओं के सम्मान और उनकी आस्था को प्रणाम करने का प्रतीक होगा। 

पूजा-अर्चना के दौरान केरल से आए विद्वान पंडितों ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव मंदिर छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। सावन के पावन महीने में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। 

About The Author