भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर जीता FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप 2026 का खिताब, विश्व कप के लिए भी किया क्वालिफाई

नई दिल्ली/मस्कट। भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए भारतीय टीम ने पहले 13 मिनट के भीतर तीन गोल दागकर मैच पर मजबूत पकड़ बना ली।

पहले हाफ में ही भारत ने बनाई बढ़त

भारत की ओर से रोमित पाल ने मैच के 5वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट में दूसरा गोल दागा। महज एक मिनट बाद शाहरुख अली ने तीसरा गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।

पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एकमात्र गोल किया, लेकिन इसके बाद भारतीय डिफेंस ने विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

विश्व कप का टिकट भी हुआ पक्का

इस जीत के साथ भारत ने न केवल एशियन चैंपियनशिप का खिताब जीता, बल्कि FIH यूथ हॉकी5s विश्व कप के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया। पाकिस्तान ने भी फाइनल में पहुंचकर विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया। इससे पहले लीग चरण में भी भारत ने पाकिस्तान को 7-3 से हराया था।

हॉकी इंडिया ने घोषित की पुरस्कार राशि

ऐतिहासिक जीत के बाद हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए पुरस्कार राशि की घोषणा की।

  • विजेता भारतीय पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को ₹2 लाख दिए जाएंगे।
  • सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹1 लाख की पुरस्कार राशि मिलेगी।
  • वहीं उपविजेता भारतीय महिला टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को ₹1 लाख और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹50 हजार देने की घोषणा की गई।

About The Author