युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: CM डॉ. मोहन यादव

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा तथा केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की।उन्होंने बताया कि इस दौरान विद्यार्थियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, सरकार की पहल, परीक्षा प्रणाली में सुधार और भविष्य की योजनाओं पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। संवाद के बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ाने, पेपर लीक जैसे मामलों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी के हितों की रक्षा के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की ये पहल युवाओं के भविष्य को अधिक सुरक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

About The Author