ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में तिरंगा लहराएंगे भारतीय खिलाड़ी: CM डॉ. मोहन यादव
भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित 23वें राष्ट्रमंडल खेल (Commonwealth Games 2026) में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि 23 जुलाई से शुरू हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन, उत्कृष्ट प्रदर्शन और अथक परिश्रम के दम पर विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का विश्वास और शुभकामनाएं भारतीय खिलाड़ियों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत के खिलाड़ी ग्लासगो में तिरंगा शान से लहराएंगे और देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतकर नया इतिहास रचेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में उतर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 23वें राष्ट्रमंडल खेल स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 23 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित किए जा रहे हैं। इस बार भारत की ओर से 126 एथलीट 13 खेल विधाओं और 113 स्पर्धाओं में चुनौती पेश कर रहे हैं। भारतीय खिलाड़ी एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, वेटलिफ्टिंग तथा विभिन्न पैरा स्पोर्ट्स सहित कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का समर्पण और मेहनत देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा उन्हें विश्वास है कि भारतीय दल राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार सफलता हासिल करेगा।
