CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान: MP के 4 महानगरों में बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट, 35 लाख हितग्राहियों को ₹210 करोड़ की सौगात

पन्ना/भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को पन्ना में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं, किसानों, महिलाओं और पर्यटन क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चारों महानगर भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में युवाओं की शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में लगभग 210 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों और आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया।

पन्ना को मिली 184.83 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 184.83 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इनमें गुन्नौर और पवई में 74 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दो सांदीपनि विद्यालय भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा का नया मॉडल बन रहे हैं।

बृहस्पति कुंड में ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने पन्ना के प्रसिद्ध बृहस्पति कुंड में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ग्लास फ्लोर और व्यू प्वाइंट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह अनूठा पर्यटन स्थल देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करेगा और पन्ना को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।

केन-बेतवा परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की इस परियोजना के लिए 90 प्रतिशत वित्तीय सहायता स्वीकृत की है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी जमीन बेचने का विचार न करें, क्योंकि यह परियोजना क्षेत्र की कृषि और अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

रोजगार और पुलिस भर्ती पर भी बड़ा बयान

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में करीब 10 हजार नए पद स्वीकृत किए हैं, जबकि पिछले वर्ष 8 हजार पदों पर भर्ती की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक एक लाख से अधिक शासकीय पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

UCC पर बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा से विधेयक पारित हो चुका है और इसका उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित करना है।

पन्ना के लिए प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने पन्ना जिले के विकास के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। इनमें शामिल हैं—

  • जुगलकिशोर मंदिर में सुविधाओं का विकास।
  • महाराज छत्रसाल स्टेडियम को सर्वसुविधायुक्त बनाया जाएगा।
  • बृजपुर में नए महाविद्यालय की शुरुआत।
  • सड़क और पुल निर्माण के नए कार्यों को मंजूरी।

कार्यक्रम में सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, नगर पालिका अध्यक्ष मीना पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author