सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को मिला आमंत्रण
रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से 17 जुलाई को आयोजित अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।
बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दोनों रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और स्टेशनों के नए स्वरूप को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
अमृत भारत स्टेशन योजना से बदलेगी रेलवे की तस्वीर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दूरदर्शी पहल है। इससे न केवल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज व्यापक बदलाव के दौर से गुजर रही है और देशभर के रेलवे स्टेशनों का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
रेलवे बनेगा विकास और रोजगार का माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
डबल इंजन सरकार में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। मजबूत रेल नेटवर्क से निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं आम नागरिकों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।
17 जुलाई को प्रधानमंत्री करेंगे वर्चुअल लोकार्पण
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित एवं नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाकर देश की परिवहन व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
