आज साय सरकार के खिलाफ कांग्रेस लाएगी अविश्वास प्रस्ताव, सदन में इन मुद्दों पर होगी तीखी बहस
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन में राजनीतिक माहौल गर्म रहने की संभावना है। कांग्रेस मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। राज्य गठन के बाद विधानसभा में लाया जा रहा यह 10वां अविश्वास प्रस्ताव होगा।
अविश्वास प्रस्ताव पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरने की रणनीति बनाई है। विपक्ष नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विभिन्न प्रशासनिक मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांगेगा।
प्रश्नकाल में उठेंगे कई अहम मुद्दे
विधानसभा के प्रश्नकाल में भी कई जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इनमें प्रमुख रूप से—
- जल जीवन मिशन की प्रगति
- रायपुर की पेयजल व्यवस्था
- औद्योगिक दुर्घटनाएं
- शराब दुकानों का संचालन
- सरकारी आयोजनों में खर्च
- प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद
जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
राज्य गठन के बाद 10वां अविश्वास प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद यह विधानसभा में पेश किया जाने वाला 10वां अविश्वास प्रस्ताव है। इससे पहले भी विभिन्न सरकारों के खिलाफ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाता रहा है।
2015 में हुई थी सबसे लंबी चर्चा
विधानसभा के इतिहास में जुलाई 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सबसे लंबी बहस हुई थी। यह चर्चा 24 घंटे 25 मिनट तक चली थी, जो अब तक का रिकॉर्ड है।
अब देखना होगा कि विष्णुदेव साय सरकार के खिलाफ लाए जा रहे इस अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में कितनी लंबी और तीखी बहस होती है।
