बद्रीनाथ मंदिर दान विवाद: पूर्व कर्मचारी प्रमोद नौटियाल गिरफ्तार, चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच तेज
चमोली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित अनियमितताओं के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के निलंबित पूर्व कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को उसके आवास से हिरासत में लेने के बाद बद्रीनाथ लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दान और चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला
चमोली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार, प्रमोद नौटियाल पहले बीकेटीसी अध्यक्ष के पर्सनल असिस्टेंट के रूप में कार्यरत था। उसके खिलाफ बीते सप्ताह बद्रीनाथ मंदिर में दान और चढ़ावे के प्रबंधन में कथित अनियमितताओं के आरोपों के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई थी।
प्रारंभिक जांच में मिले अनियमितताओं के संकेत
इस मामले में सबसे पहले श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। प्रारंभिक जांच में दान और चढ़ावे के प्रबंधन में कथित अनियमितताओं के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद प्रमोद नौटियाल को निलंबित कर दिया गया था।
सरकार ने भी बनाई उच्च स्तरीय जांच समिति
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त की अध्यक्षता वाली यह समिति पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट और आवश्यक सिफारिशें राज्य सरकार को सौंपेगी।
सोशल मीडिया से सामने आया मामला
यह विवाद उस समय चर्चा में आया जब बद्रीनाथ मंदिर में दान और चढ़ावे की गिनती के दौरान कथित अनियमितताओं से जुड़े आरोप सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इसके बाद भैरव सेना नामक संगठन ने शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और एफआईआर की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी की गई।
