मध्यप्रदेश के 3 मेधावी छात्रों को विदेश में पढ़ाई के लिए ₹1.53 करोड़ की छात्रवृत्ति, UK, USA और ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटियों में करेंगे उच्च शिक्षा

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने पिछड़ा वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात दी है। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ‘पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना’ के तहत प्रदेश के तीन मेधावी विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा के लिए कुल ₹1,53,33,888 (1.53 करोड़ रुपये) की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।

पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार आर्थिक रूप से कमजोर और पिछड़े वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

विदेश में पढ़ाई के लिए तीन छात्रों का चयन

योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को विश्व की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटियों में स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी गई है।

अमन अली (दतिया) – यूनाइटेड किंगडम (UK)

दतिया के अमन अली को University College London (UCL) में General LL.M की पढ़ाई के लिए ₹47,23,465 की छात्रवृत्ति स्वीकृत की गई है।

ध्रुव जायसवाल (इंदौर) – संयुक्त राज्य अमेरिका (USA)

इंदौर के ध्रुव जायसवाल को Carnegie Mellon University में PG in Product Development पाठ्यक्रम के लिए ₹68,51,543 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।

हिमांशु लोखंडे (भोपाल) – ऑस्ट्रेलिया

भोपाल के हिमांशु लोखंडे को Monash University में Master of Cyber Security की पढ़ाई के लिए ₹37,58,880 की आर्थिक सहायता दी गई है।

योजना के तहत क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं?

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने बताया कि योजना के तहत QS World University Rankings में शामिल प्रतिष्ठित विदेशी विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्य सरकार द्वारा—

  • संपूर्ण शिक्षण शुल्क (Tuition Fee)
  • आवास व्यय (Accommodation)
  • हवाई यात्रा किराया (Air Fare)
  • अन्य आवश्यक शैक्षणिक एवं अध्ययन संबंधी खर्च

की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दूरदर्शी नेतृत्व में यह योजना पिछड़े वर्ग के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रही है। इससे प्रतिभाशाली छात्र विश्वस्तरीय शिक्षा प्राप्त कर प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

उन्होंने सभी चयनित विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

About The Author