खाद संकट की खबरों पर कृषि विभाग का स्पष्टीकरण, कांकेर में 21 हजार मीट्रिक टन से अधिक खाद का वितरण

कांकेर। जिले में खाद की कमी और किसानों के प्रदर्शन संबंधी समाचारों के बीच कृषि विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है। कृषि विभाग के उप संचालक जितेन्द्र कोमरा ने बताया कि खरीफ सीजन 2026 के लिए जिले की सभी सहकारी समितियों में 30,393.514 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है, जिसमें से अब तक 21,288.995 मीट्रिक टन खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति पीढ़ापाल के लिए 500 मीट्रिक टन खाद वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध अब तक 217.55 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 44 प्रतिशत है। वहीं किसानों को 150.59 मीट्रिक टन खाद का वितरण भी किया जा चुका है।

कृषि विभाग के अनुसार जिले में खाद आपूर्ति और वितरण की प्रक्रिया लगातार जारी है तथा किसानों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि उर्वरकों का वितरण कृषि वैज्ञानिकों की अनुशंसित मात्रा के अनुसार सहकारी समितियों के माध्यम से किया जा रहा है, ताकि संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा मिले और फसल उत्पादन बेहतर हो सके।

अधिकारियों का कहना है कि खरीफ सीजन के दौरान खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त भंडारण और आपूर्ति की व्यवस्था भी की जा रही है। इससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और खेती-किसानी के कार्यों को सुचारु बनाए रखने में मदद मिल रही है।

About The Author