अटल विहार योजना: कोरबा में साकार हुआ ‘अपने घर’ का सपना, सैकड़ों परिवारों को मिला सुरक्षित आशियाना
कोरबा। घर केवल चार दीवारों का नाम नहीं होता, बल्कि यह सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव होता है। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी अटल विहार योजना ने कोरबा जिले के सैकड़ों परिवारों के इस सपने को साकार कर दिया है। झगरहा में विकसित अटल विहार कॉलोनी आज उन परिवारों के लिए नई उम्मीद और खुशहाली का प्रतीक बन चुकी है, जो वर्षों से अपने घर का सपना देख रहे थे।
75 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित हुई आधुनिक कॉलोनी
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा लगभग 75.39 करोड़ रुपये की लागत से 19 एकड़ क्षेत्र में इस आवासीय परियोजना का विकास किया गया है। विभिन्न आय वर्गों को ध्यान में रखते हुए यहां कुल 335 आवास एवं फ्लैट बनाने का लक्ष्य रखा गया, जिसमें एचआईजी, एमआईजी, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवास शामिल हैं।
305 आवासों का निर्माण पूरा, लगातार हो रहा हस्तांतरण
परियोजना के तहत अब तक 305 भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है और पात्र हितग्राहियों को चरणबद्ध तरीके से आवास सौंपे जा रहे हैं। वर्तमान में भी कई एचआईजी और एमआईजी आवासों का हस्तांतरण जारी है।
184 परिवारों को मिल चुका है नया आशियाना
अटल विहार कॉलोनी में अब तक 184 परिवारों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं। पिछले तीन वर्षों से यहां रहने वाले परिवार बेहतर सुविधाओं और सुरक्षित माहौल का लाभ उठा रहे हैं। पक्की सड़कें, सुव्यवस्थित कॉलोनी, आवश्यक आधारभूत सुविधाएं और सामुदायिक वातावरण ने निवासियों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है।
सम्मानजनक जीवन का नया आधार बनी कॉलोनी
जिन परिवारों के लिए स्थायी आवास कभी एक बड़ी चुनौती था, उनके लिए अटल विहार अब सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन का प्रतीक बन गया है। यह परियोजना केवल मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को सामाजिक सुरक्षा और बेहतर जीवन शैली भी प्रदान कर रही है।
अभी भी उपलब्ध हैं आवास
गृह निर्माण मंडल के अनुसार कॉलोनी में वर्तमान में एक व्यवसायिक भू-खंड, 4 एचआईजी मकान और 103 ईडब्ल्यूएस फ्लैट उपलब्ध हैं। इच्छुक परिवार इन आवासों को प्राप्त कर अपने घर के सपने को साकार कर सकते हैं।
सरकार की जनकल्याणकारी सोच का उदाहरण
झगरहा स्थित अटल विहार कॉलोनी राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है। यह परियोजना दिखाती है कि गुणवत्तापूर्ण आवास कैसे लोगों के जीवन में स्थिरता, सुरक्षा और आत्मविश्वास ला सकता है।
