रंजिश की भेंट चढ़ीं तीन जिंदगियां: खूनी हमले से दहला सारंगढ़ का झाल गांव
सारंगढ़–बिलाईगढ़। जिले के ग्राम झाल में आपसी रंजिश के चलते एक ही परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में महिला, उसके बेटे और नाती की हत्या कर दी गई, जबकि महिला का पति और बहू गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात का आरोप पड़ोस में रहने वाले एक रिश्तेदार पर है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो बाद में हिंसक रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही डोंगरीपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
