बिलासपुर में अभिषेक विहार कॉलोनी के दो मकानों में चोरी, लाखों का माल पार
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगला स्थित अभिषेक विहार फेस-2 कॉलोनी में चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाया है। चोरों ने एक सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी और एक बैंक कर्मी के घर से करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पार कर दी है। इस घटना के बाद से पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त आर्मी ऑफिसर शैलेश शुक्ल 19 फरवरी को सपरिवार एक शादी समारोह में शामिल होने बलौदाबाजार गए थे। 21 फरवरी को वापस लौटने पर उन्हें घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के भीतर सामान बिखरा हुआ था और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर सहित नगदी गायब थी। पीड़ित के अनुसार, उनके घर से लगभग एक लाख रुपये नकद और दो लाख रुपये के जेवर चोरी हुए हैं। गनीमत रही कि अधिकांश कीमती जेवर बैंक लॉकर में होने के कारण सुरक्षित बच गए।
इसी तरह उनके घर के सामने रहने वाले बैंक कर्मी अंकित श्रीवास के घर में भी चोरी की वारदात हुई। अंकित फील्ड विजिट के कारण घर से बाहर थे। चोरों ने उनके यहां से भी करीब 50 हजार रुपये से अधिक के माल पर हाथ साफ किया। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान उसलापुर स्टेशन मार्ग पर जेवरों के कुछ खाली डिब्बे और पाउच बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी इसी मार्ग से फरार हुए हैं।
इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र बड़ा होने के कारण पेट्रोलिंग टीम रात में केवल एक ही राउंड लगा पाती है, जिसका फायदा उठाकर चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
