तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विवाद: हाईकोर्ट का बड़ा निर्देश, 30 मार्च तक पुराने भवन में शुरू होगी सिटी डिस्पेंसरी

तखतपुर: तखतपुर नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को नगर से 6 किलोमीटर दूर लीदरी स्थानांतरित किए जाने के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नगर के एकमात्र सरकारी अस्पताल को दूर शिफ्ट किए जाने से स्थानीय निवासियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

हाईकोर्ट में दायर की गई थी याचिका
नगरवासियों की परेशानियों को देखते हुए पार्षद मुन्ना श्रीवास और शैलेंद्र निर्मलकर ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। याचिका में बताया गया कि अस्पताल की दूरी बढ़ने के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आपात स्थिति में समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि प्रसव पीड़ा जैसी स्थितियों में अस्पताल दूर होने से मरीजों की जान को खतरा बना रहता है। इस मुद्दे को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन भी किए जा रहे थे।

न्यायालय ने सरकार से मांगा जवाब
मामले की सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने नगर से दूर स्वास्थ्य सुविधा होने पर चिंता जताई। न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आगामी 30 मार्च तक पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन में सिटी डिस्पेंसरी शुरू की जाए। इसके साथ ही अदालत ने राज्य सरकार से इस संबंध में जवाब भी तलब किया है।

जनता की जीत और राहत की उम्मीद
नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने न्यायालय के इस आदेश को जनता की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि इससे नगर के करीब 30 हजार नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में पुराने अस्पताल में ताला लटका होने के कारण गरीब और बुजुर्ग मरीजों को 6-7 किलोमीटर दूर ग्राम लीदरी जाना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं और स्थानीय निवासियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए जल्द से जल्द डिस्पेंसरी शुरू होने की उम्मीद जताई है।

About The Author