गहरी सांस और सूर्योदय की आदत से शरीर को मिलेगी ताजगी, पीएम ने छात्रों को दिया बेहतर स्वास्थ्य का सूत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘परीक्षा पे चर्चा’ के नौवें संस्करण के दूसरे एपिसोड में गुवाहाटी के छात्रों से परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन, पोषण और शैक्षणिक-रचनात्मक संतुलन पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान उनकी डाइट अनियमित रहती थी और वे जहाँ भी रहते थे, स्थानीय व्यंजन खाते थे।
प्रधानमंत्री ने छात्रों को सलाह दी कि पढ़ाई और शौक के बीच संतुलन बनाए रखें। उन्होंने कहा, “कला और रचनात्मक गतिविधियाँ अकादमिक दबाव से राहत दे सकती हैं।” साथ ही, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘वेड इन इंडिया’ जैसे अभियानों पर जोर देते हुए घरेलू उत्पादों को बढ़ावा देने और छोटे स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की प्राप्ति में हर नागरिक की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
