बड़वानी में तांत्रिक क्रिया के नाम पर लाखों की ठगी, धर्मांतरण का दबाव बनाने वाले पर मामला दर्ज
बड़वानी। शहर के पाटी नाका क्षेत्र में तांत्रिक क्रियाओं का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने, धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर आरोपी आसिफ शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023, एससी-एसटी एक्ट और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पहचान आरोपी से पाटी नाका क्षेत्र में हुई थी। आरोपी ने खुद को तांत्रिक क्रियाओं में माहिर बताते हुए काले जादू के जरिए घर में धन-वर्षा कराने और जीवन की परेशानियां दूर करने का झांसा दिया था। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल करीब 4 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
कोतवाली टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब तांत्रिक झांसे, आर्थिक लेन-देन, धमकी और धर्मांतरण से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है। आरोपी द्वारा पीड़ित पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की बात भी सामने आई है, जिसकी गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।
