खनन परियोजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश, अवैध उत्खनन पर ड्रोन और आईटी से निगरानी होगी सख्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 21वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां रेयर अर्थ मिनरल्स सहित अनेक खनिजों के प्रचुर भंडार उपलब्ध हैं। उन्होंने प्रदेश में संचालित सभी खनन परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री साय ने खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष टास्क फोर्स की निगरानी को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने आईटी और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से अवैध गतिविधियों पर सतत और बेहतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने पीएमकेकेकेवाई के तहत खनिज 2.0 पोर्टल के माध्यम से व्यय और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिला खनिज न्यास अधिनियम के अंतर्गत राज्य स्तरीय केंद्रीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई की स्थापना कर डीएमएफ कार्यों की निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में परिवहन नेटवर्क के तहत चिरमिरी-नागपुर रेलवे लाइन के लिए 328 करोड़ रुपये तथा छत्तीसगढ़ रेलवे कॉरिडोर के अंतर्गत 1 ईस्ट कॉरिडोर और 3 ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के लिए 60.10 करोड़ रुपये और क्वासी इक्विटी के रूप में 24.10 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को समिति ने मंजूरी दी।

खनिज विकास निगम लिमिटेड को एनएमडीसी-सीएमडीसी कंपनी लिमिटेड संयुक्त उपक्रम में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी के रूप में विभिन्न परियोजनाओं के विकास हेतु 112.70 करोड़ रुपये तथा विभागीय कार्यों के लिए अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

इसके अलावा संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म के अंतर्गत खनिज ब्लॉकों की नीलामी, खनिज ऑनलाइन 2.0 भुगतान, सर्वेक्षण, पूर्वेक्षण, तकनीकी कार्यों के निष्पादन, अवैध परिवहन की निगरानी तथा डीएमएफ कार्यों के लिए केंद्रीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई सहित विभागीय कार्यों हेतु 138.17 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक में 20वीं बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।

बैठक में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव सह वित्त सचिव मुकेश बंसल, खनिज साधन विभाग के सचिव पी. दयानंद, संचालक खनिज रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author